दारू के लिए पैसे नही देने पर लात घुशो और डंडे से कर दी पिटाई,पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

उमरिया जिले में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम महरोई निवासी कपिल भट्ट ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे वह खेत से काम कर घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही रवि बैगा और विकास बैगा ने उसे रोककर शराब पीने के लिए पैसों की मांग की।
फरियादी द्वारा पैसे देने से मना करने पर दोनों आरोपी भड़क गए। आरोप है कि विकास बैगा ने पास में पड़े डंडे से मारपीट शुरू कर दी, जबकि रवि बैगा ने लात-घूंसों से हमला किया। इस दौरान युवक घायल हो गया। जाते-जाते आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(b), 115(2), 119(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।