मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में अतिथि विद्वानों का राज्य स्तरीय सम्मेलन, उच्च शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश, 

अधिकारियों एवं अतिथि विद्वानों को सौंपी जिम्मेदारी

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 10 जुलाई 2026 को भोपाल स्थित रवीन्द्र भवन में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय अतिथि विद्वान सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सम्मेलन के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आदेश जारी कर विभिन्न समितियों का गठन किया गया है तथा अधिकारियों एवं अतिथि विद्वानों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।
जारी आदेश के अनुसार सम्मेलन का आयोजन प्रातः 10:30 बजे से होगा, जिसमें प्रदेशभर के अतिथि विद्वान शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ उच्च शिक्षा मंत्री सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
सम्मेलन के संचालन के लिए मंच व्यवस्था एवं स्वागत समिति, मुख्यमंत्री एवं मंत्रीगण के उद्बोधन और प्रतिवेदन लेखन समिति, अतिथि विद्वानों की बैठक व्यवस्था समिति तथा भोजन एवं जलपान व्यवस्था समिति का गठन किया गया है। इन समितियों में उच्च शिक्षा विभाग के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारियों के साथ विभिन्न शासकीय महाविद्यालयों के अतिथि विद्वानों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभाग ने निर्देश दिए हैं कि सभी समिति प्रभारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित प्राचार्यों को भी निर्देशित किया गया है कि वे ड्यूटी पर लगाए गए अतिथि विद्वानों की कार्यक्रम स्थल पर समय से उपस्थिति सुनिश्चित करें।
अतिथि विद्वानों के लिए यह सम्मेलन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि लंबे समय से मानदेय वृद्धि, सेवा सुरक्षा, नियमितीकरण एवं अन्य मांगों को लेकर प्रदेशभर के अतिथि विद्वान सरकार से अपेक्षाएं लगाए हुए हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में होने वाला यह सम्मेलन कई महत्वपूर्ण घोषणाओं का मंच बन सकता है।
प्रदेश के हजारों अतिथि विद्वानों की निगाहें अब 10 जुलाई को होने वाले इस सम्मेलन पर टिकी हैं, जहां उनके भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों की संभावना जताई जा रही है।