पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बकेली में सड़क किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, मौत के कारणों का नहीं चला पता
 उमरिया/पाली -- उमरिया जिला के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बकेली के मौहार टोला डोंगरी तिराहे के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान आदित्य पाण्डेय (29 वर्ष), पिता सुधाकर दत्त पाण्डेय, निवासी ब्यौहारी (जिला शहडोल) के रूप में हुई है। मृतक एक निजी बैंक में कार्यरत था और शहडोल क्षेत्र में रहकर नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि वह बीते दिन मोटरसाइकिल से निकला था, जिसके बाद उसका संपर्क नहीं हो पाया।
बुधवार सुबह स्थानीय लोगों को सड़क किनारे उसका शव दिखाई दिया, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने युवक की पहचान की। वहीं पास में मृतक की मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली है।
प्राथमिक जानकारी में शव पर कुछ निशान पाए जाने की बात सामने आई है, हालांकि मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस के अनुसार परिजनों ने बताया है कि युवक को पूर्व में अटैक आने की समस्या थी, ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि संभवतः अटैक के चलते ही उसकी मौत हुई हो। वहीं कुछ स्थानीय लोगों ने भी युवक को घटनास्थल के पास मोटरसाइकिल खड़ी करते हुए देखा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।