सोमवार से लापता युवक की घर से एक किलोमीटर दूर पेड़ पर झूलती मिली लाश, पुलिस जांच में जुटी
उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक युवक का शव घर से लगभग एक किलोमीटर दूर पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मृतक के बड़े भाई शिवशंकर ने बताया कि उसका छोटा भाई रविशंकर सिंह (उम्र 28 वर्ष), पिता कोमल सिंह, सोमवार से घर से लापता था। वह लंबे समय से पेट दर्द की समस्या से परेशान था और कई स्थानों पर इलाज कराने के बावजूद उसे राहत नहीं मिल पा रही थी।
बताया जा रहा है कि बुधवार को गांव के एक चरवाहे ने गांव से कुछ दूरी पर पेड़ पर युवक को फांसी के फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद इसकी सूचना परिजनों को दी गई। परिजनों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार कर शव को पेड़ से नीचे उतरवाया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।