युवा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने बिरासिनी धाम में टेका माथा, बोले—युवाओं को संगठन से जोड़ना पहली प्राथमिकता


पाली/उमरिया। नव नियुक्त भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने अपने एक दिवसीय उमरिया प्रवास के दौरान पाली नगर स्थित जगत जननी माता बिरासिनी मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीरज मुसाफिर राय एवं जिला मंत्री प्रदीप सोनकर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।


मीडिया से बातचीत करते हुए श्री टेलर ने कहा कि उन्होंने माता बिरासिनी की महिमा के बारे में कई लोगों से सुना था और उमरिया के अल्प प्रवास के दौरान मां के दर्शन का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में आकर अद्भुत ऊर्जा का अनुभव हुआ और उन्होंने मां बिरासिनी से पूरे राष्ट्र पर आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना की।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अपनी प्राथमिकताओं पर बोलते हुए श्री टेलर ने कहा कि प्रदेशभर के युवाओं से संवाद स्थापित करना, उन्हें पार्टी की विचारधारा एवं कार्यों से जोड़ना और युवाओं को तन-मन से संगठन के कार्यों में सक्रिय करना उनकी पहली प्राथमिकता है।


उन्होंने उमरिया जिले को भाजपा के दृष्टिकोण से मजबूत जिला बताते हुए कहा कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के विधायक हैं और संगठन भी यहां अत्यंत मजबूत है। इसका बड़ा कारण युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का सतत और अथक परिश्रम है, जिन्होंने पार्टी को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
संगठन की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का अपना मजबूत तंत्र और कार्यपद्धति है। पार्टी नेतृत्व हमेशा कार्यकर्ताओं के कार्यों का मूल्यांकन करता है और प्रतिभावान एवं सक्रिय युवाओं को अवसर प्रदान किए जाते हैं।
वहीं UGC से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने टिप्पणी करने से इंकार करते हुए कहा कि मामला वर्तमान में माननीय सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए इस पर कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
इस दौरान भाजपा युवा प्रदेश अध्यक्ष के साथ जिला अध्यक्ष आशुतोष अग्रवाल, जिला महामंत्री दीपक छतवानी, वरिष्ठ भाजपा नेता मिथलेश पयाशी, युवा मोर्चा अध्यक्ष अमित सिंह, मनीष सिंह, शौरभ पयाशी, ज्ञानेंद्र शुक्ला उपस्थित रहे।
वहीं पाली मंडल अध्यक्ष राधा विजय तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ज्ञानवती सिंह, नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश पटेल, राजेश दास, विष्णु विश्वकर्मा, सत्या विश्वकर्मा, लल्ली यादव, श्रीधर राव, प्रदीप सोनी,पवन सम्भर प्रेमलता बर्मन, बबली यादव सहित भाजपा के कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।