राजनगर–झिरियाटोला मार्ग की बदहाली पर उठी आवाज, सांसद प्रतिनिधि ने एसईसीएल प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन
आवाज, सांसद प्रतिनिधि ने एसईसीएल प्रबंधन को सौंपा ज्ञापन
राजनगर (अनूपपुर)। राजनगर से झिरियाटोला राष्ट्रीय राजमार्ग-43 तक जाने वाले महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर जनप्रतिनिधियों ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। नगर परिषद बनगवां (राजनगर) के सांसद प्रतिनिधि मनोज सिंह ने सड़क की खराब हालत, बढ़ते दुर्घटना जोखिम और आमजन की परेशानी को देखते हुए एसईसीएल हसदेव क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर तत्काल मरम्मत एवं चौड़ीकरण की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि राजनगर 5-6 इंकलाइन से झिरियाटोला राष्ट्रीय राजमार्ग-43 तक जाने वाली सड़क का निर्माण वर्षों पूर्व एसईसीएल द्वारा कराया गया था, लेकिन लंबे समय से आवश्यक मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं और दोनों ओर बने साइड शोल्डर भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे वाहन चालकों एवं राहगीरों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मनोज सिंह ने बताया कि यह सड़क केवल राजनगर क्षेत्र ही नहीं, बल्कि आसपास के कई गांवों और छत्तीसगढ़ राज्य से आने-जाने वाले लोगों के लिए भी प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन हजारों लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक चिंताजनक हो जाती है, जब सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण आवागमन प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि सड़क की वर्तमान स्थिति आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। यदि समय रहते मरम्मत और चौड़ीकरण का कार्य नहीं कराया गया तो भविष्य में बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। इसलिए एसईसीएल प्रबंधन को जनहित को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई है कि सड़क की समग्र मरम्मत, आवश्यकतानुसार चौड़ीकरण तथा दोनों ओर साइड शोल्डर का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। साथ ही सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी निरीक्षण कर स्थायी समाधान निकाला जाए।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ज्ञापन की प्रतिलिपि शहडोल संसदीय क्षेत्र की माननीय सांसद एवं जिला कलेक्टर अनूपपुर को भी भेजी गई है, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
*जनता की उम्मीदें बढ़ीं*
क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही थी, लेकिन अब सांसद प्रतिनिधि द्वारा मामला उठाए जाने के बाद लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही सड़क सुधार का कार्य शुरू होगा। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।


