भारतीय श्रमजीव पत्रकार महासंघ,नई दिल्ली को अनूपपुर में मिली नई मजबूती,वरिष्ठ पत्रकार राजनारायण द्विवेदी बने जिला अध्यक्ष
अनूपपुर — पत्रकार हितों के लिए संघर्षरत संगठन भारतीय श्रमजीव पत्रकार महासंघ नई दिल्ली को अनूपपुर जिले में नई मजबूती मिली है। जिले के वरिष्ठ पत्रकार एवं सर्वोच्च सत्ता के स्थानीय संपादक राजनारायण द्विवेदी को संगठन का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
यह औपचारिक घोषणा शहडोल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपेंद्र गौतम, प्रदेश अध्यक्ष (मध्यप्रदेश) भारतीय श्रमजीव पत्रकार महासंघ, द्वारा की गई। घोषणा के साथ ही संगठन में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला।
वरिष्ठ पत्रकार राजनारायण द्विवेदी लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता और अनुभव को देखते हुए यह माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में अनूपपुर जिले में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा।
राजनारायण द्विवेदी के जिला अध्यक्ष बनने की खबर से जिले के पत्रकारों सहित उनके सहयोगियों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। साथी पत्रकारों ने उन्हें बधाइयां देते हुए आशा जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन पत्रकार हितों के लिए और प्रभावी रूप से कार्य करेगा।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष राजनारायण द्विवेदी ने इस अवसर पर संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, उनकी एकजुटता और सम्मान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।