पाली नगर में निकला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का भव्य पथ संचलन — पुष्पवर्षा कर नगरवासियों ने किया स्वागत,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमरिया
पाली नगर में निकला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का भव्य पथ संचलन — पुष्पवर्षा कर नगरवासियों ने किया स्वागत

पाली। विजयादशमी पर्व के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का भव्य पथ संचलन रविवार को पाली नगर में आयोजित किया गया। संचलन में हजारों स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में अनुशासित पंक्तियों में शामिल हुए।

आयोजन का शुभारंभ सरस्वती शिशु मंदिर पाली से हुआ, जहाँ सबसे पहले सभी स्वयंसेवक एकत्रित हुए। यहाँ पर बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता श्रीमान अजय शुक्ला जी (बिजुरी) ने स्वयंसेवकों को संघ के उद्देश्य, राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका और संगठन की अनुशासनबद्ध कार्यपद्धति पर प्रेरक संबोधन दिया।

इस अवसर पर जिला कार्यवाह आदित्य शिवहरे भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि “विजयादशमी का यह पर्व हमें सत्य, साहस और संगठन के माध्यम से समाज सेवा की प्रेरणा देता है।”

बौद्धिक के उपरांत स्वयंसेवकों का अनुशासित पथ संचलन नगर के प्रमुख मार्गों से निकला। मार्ग में जगह-जगह पर नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया, जिससे वातावरण “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम का समापन पुनः शाखा स्थल पर हुआ, जहाँ सामूहिक प्रार्थना के साथ आयोजन संपन्न हुआ। पथ संचलन में संघ के अधिकारी, स्थानीय कार्यकर्ता, युवा स्वयंसेवक एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


