राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का देशभर में हल्ला बोल, अनूपपुर में भी धरना-प्रदर्शन
राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का देशभर में हल्ला बोल, अनूपपुर में भी धरना-प्रदर्शन
अनूपपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेस ने देशभर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कई राज्यों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं और गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बता रहे हैं।
इसी क्रम में अनूपपुर जिला मुख्यालय में भी कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए।
प्रदर्शनकारियों ने धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राहुल गांधी की रिहाई तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह का कहना है कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन लोकतंत्र का मूल अधिकार है और विपक्ष की आवाज़ को दबाने का हर प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। वहीं, दिल्ली में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री आवास की ओर किए गए विरोध मार्च के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिसके बाद कांग्रेस ने देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया। अनूपपुर जिला मुख्यालय में रेलवे स्टेशन चौक पर सैकड़ो की संख्या में कांग्रेसी पहुंचकर धरने पर बैठे हुए हैं, इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आशीष त्रिपाठी, ब्लॉक अध्यक्ष राजन राठौड़, फुनगा ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह मुन्ना पार्षद दीपक शुक्ला, सेवादल के डॉ. एहसान अली, राघवेंद्र पटेल, संजय सोनी, कार्यालय मंत्री श्री गौतम , के साथ-साथ महिला कांग्रेसी नेत्री भी उपस्थित रही|
मुख्य बिंदु:
राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में देशभर में कांग्रेस का प्रदर्शन।
कई राज्यों में धरना, रैली और नारेबाजी।
अनूपपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता हुए एकत्रित, दिया धरना।
लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और राहुल गांधी की रिहाई की मांग।


