पाली स्वास्थ्य केंद्र में रात की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल
ड्यूटी डॉक्टर के कॉल अटेंड न करने से नर्सिंग स्टाफ ने संभाली जिम्मेदारी, पर जवाबदेही किसकी?


पाली। नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली में रात के समय स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। ताजा मामला तब सामने आया जब पाली निवासी संजय कुमार गौतम अपनी गर्भवती पत्नी को तड़के लगभग 4:30 बजे तेज पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिवार के अनुसार, उस समय नाइट ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ नर्सिंग रूम में सो रहा था। दरवाजा खटखटाने और आवाज देने पर एक नर्स बाहर आई और मरीज की स्थिति पूछी। जांच के बाद नर्स बिना डॉक्टर से परामर्श किए इंजेक्शन लेकर आई। जब परिजन ने इंजेक्शन के बारे में पूछा तो बताया गया कि दर्द गैस के कारण है और “पैंटाप” इंजेक्शन लगाया जाएगा।


संजय गौतम ने पहले डॉक्टर से बात कराने का अनुरोध किया, लेकिन उन्हें बताया गया कि डॉक्टर ऑन-कॉल हैं और स्वयं संपर्क करें। परिजन के अनुसार ड्यूटी डॉक्टर डॉ. पवन दीपंकर को कई बार फोन किया गया, पर कॉल रिसीव नहीं हुआ। बाद में अस्पताल के गार्ड द्वारा डॉक्टर के घर जाकर भी दरवाजा खटखटाया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
स्थिति गंभीर होने पर परिजन ने अस्पताल के प्रभारी बीएमओ डॉ. पुट्टू लाल सागर को फोन कर स्थिति बताई। उनके हस्तक्षेप के बाद नर्सिंग स्टाफ ने उपचार शुरू किया और मरीज को राहत मिल सकी।
इसी दौरान वार्ड क्रमांक 5 के निवासी शिवरतन गुप्ता भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे, जहां उनका भी उपचार डॉक्टर की अनुपस्थिति में नर्सिंग स्टाफ द्वारा शुरू किया गया।
बड़ा सवाल: यदि कोई गंभीर घटना हो जाती तो जिम्मेदार कौन?
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में रात के समय डॉक्टर ऑन-कॉल तो रहते हैं, परंतु कॉल रिसीव नहीं करते। ऐसे में नर्सिंग स्टाफ को बिना डॉक्टर की सलाह के इलाज शुरू करना पड़ता है, जो कई मामलों में जोखिमपूर्ण साबित हो सकता है।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर यह गंभीर सवाल खड़ा होता है कि यदि इलाज के दौरान कोई अप्रिय घटना हो जाए तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी—ड्यूटी डॉक्टर की, अस्पताल प्रबंधन की या स्वास्थ्य विभाग की?
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि रात के समय डॉक्टर की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो, ताकि मरीजों को समय पर और सुरक्षित इलाज मिल सके।