पाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सराफा व्यापारियों से लूट करने वाला गिरोह गिरफ्तार
उमरिया जिले की पाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सराफा व्यापारी से लूट करने वाले तीन आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में इंदवार थाना क्षेत्र में हुई एक अन्य बड़ी लूट की वारदात भी कबूल कर पुलिस को चौंका दिया है।


मामला पाली थाना क्षेत्र की घुनघुटी चौकी का है। जानकारी के अनुसार ग्राम चौरी से बाजार कर सराफा व्यापारी रजत कुमार सोनी अपनी मोटरसाइकिल से शहडोल जिले के ग्राम बिजौरी स्थित घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से रैकी कर घात लगाए तीन बदमाशों ने चौरी-ओदरी मार्ग के सुनसान करौंधिया इलाके में व्यापारी को रोक लिया और मारपीट करते हुए सोना-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।


घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने अपने भाई को फोन कर जानकारी दी, जिसके बाद मामले की सूचना घुनघुटी चौकी प्रभारी विजय सेन को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी ने बिना देर किए इलाके से बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर दी। पुलिस की मुस्तैदी का ही नतीजा रहा कि कुछ ही समय में तीनों आरोपियों को धर दबोचा गया और लूटा गया बैग भी बरामद कर लिया गया। बैग में करीब 300 ग्राम चांदी और 2 ग्राम सोना रखा हुआ था।
पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने 2 मई को इंदवार थाना क्षेत्र के ग्राम पनपथा में हुई बड़ी लूट की वारदात भी कबूल कर ली। उस घटना में ग्राम पलझा निवासी सराफा व्यापारी संतोष सोनी साप्ताहिक बाजार से घर लौट रहे थे, तभी आरोपियों ने रैकी कर करीब 10 लाख रुपये के सोना-चांदी की लूट को अंजाम दिया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पनपथा लूटकांड में कुछ अन्य आरोपी भी शामिल थे, जिनकी तलाश जारी है। इंदवार पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों का भी खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में नागेश बसदेवा पिता राजेन्द्र बसदेवा उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम चिमटा अमरपुर थाना इंदवार शामिल है, जिसे पूरे मामले का मास्टर माइंड बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि किस व्यापारी को निशाना बनाना है, किस रास्ते में वारदात को अंजाम देना है और लूट की पूरी योजना तैयार करने का काम वही करता था। वहीं दूसरा आरोपी सत्यम मांझी पिता सुदामा मांझी उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम रैपुरा थाना कुठला जिला कटनी तथा एक नाबालिग भी इस वारदात में शामिल है।
गौरतलब है कि पनपथा लूटकांड के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी पर आईजी चैत्रा ऐंन द्वारा 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पाली घुनघुटी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।