नौरोजाबाद में दर्दनाक हादसा: पाली नगर पालिका के शव वाहन की टक्कर से युवक की मौत
नौरोजाबाद। थाना नौरोजाबाद क्षेत्र में स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में पाली नगर पालिका के शव वाहन की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पाली नगर पालिका का शव वाहन क्रमांक MP 54 GA 0870, जिसे चालक किशन वर्मा चला रहा था, नौरोजाबाद के इंडियन पेट्रोल पंप के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन की चपेट में आने से ग्राम देवगवा कला निवासी संजय कोल पिता स्वर्गीय बिहारी कोल की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज गति में था। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि चालक कथित रूप से नशे की हालत में था। हालांकि चालक के नशे में होने की पुष्टि अभी आधिकारिक रूप से नहीं हुई है और यह विषय पुलिस जांच का हिस्सा है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में शोक व आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही थाना नौरोजाबाद पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की तथा वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।