उमरिया जिले में होगा विराट हिन्दू सम्मेलन, गांव–गांव पहुंचेगा सामाजिक जागरण का संदेश,पंच परिवर्तन के माध्यम से सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और राष्ट्रवादी विचारों को सशक्त करने की पहल,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमारिया
उमरिया जिले में होगा विराट हिन्दू सम्मेलन, गांव–गांव पहुंचेगा सामाजिक जागरण का संदेश,पंच परिवर्तन के माध्यम से सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और राष्ट्रवादी विचारों को सशक्त करने की पहल

उमरिया — उमरिया जिले में शीघ्र ही एक व्यापक सामाजिक–सांस्कृतिक अभियान के रूप में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन किसी एक स्थान तक सीमित न होकर जिले के समस्त नगरों एवं ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध ढंग से संपन्न होगा। सम्मेलन का उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाते हुए पंच परिवर्तन के माध्यम से नैतिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रहितकारी चेतना का विस्तार करना है।

इस क्रम में जिले के ऐतिहासिक एवं पावन शारदा मंदिर परिसर में विराट हिन्दू सम्मेलन के शुभारंभ के तहत कलश पूजन एवं कलश वितरण कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन कर समाज, राष्ट्र और आयोजन की सफलता की कामना की गई।
कार्यक्रम के दौरान सम्मेलन की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। जिले के प्रत्येक नगर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सम्मेलन आयोजित करने की रणनीति, जनसंपर्क और सहभागिता को लेकर विचार-विमर्श हुआ। आयोजन को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु सर्वसम्मति से श्री अजय सिंह को उमरिया जिला संयोजक तथा श्रीमती निधि श्रीवास्तव को सह-संयोजक नियुक्त किया गया। उपस्थित जनसमूह ने दोनों को इस दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि विराट हिन्दू सम्मेलन केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का सशक्त माध्यम है। सम्मेलन के माध्यम से पंच परिवर्तन के प्रमुख विषयों पर समाज को जागरूक किया जाएगा, जिनमें सामाजिक समरसता और सौहार्द, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी एवं आत्मनिर्भरता, नागरिक कर्तव्यों एवं अनुशासन तथा परिवार, संस्कृति और संस्कारों का संरक्षण शामिल है।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को संस्कारों से जोड़ना, सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना और समाज को सकारात्मक दिशा देना अत्यंत आवश्यक है। विराट हिन्दू सम्मेलन इसी उद्देश्य के साथ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचकर एक संगठित, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में कार्य करेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, धर्मप्रेमी नागरिक, युवा कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने सम्मेलन को भव्य, अनुशासित और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन समाज की एकता, राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य और आयोजन की सफलता की कामना के साथ किया गया।
आगामी दिनों में विराट हिन्दू सम्मेलन की तिथियों एवं स्थानों की जानकारी पृथक से जारी की जाएगी। आयोजन को लेकर जिलेभर में उत्साह और जागरूकता का माहौल बनता दिखाई दे रहा है।


