पाली नगर में विश्वकर्मा जयंती पर पूजा-अर्चना और विशाल भंडारे का आयोजन

पाली। नगर में भगवान विश्वकर्मा जयंती का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव के साथ किया गया। इस अवसर पर पाली रेलवे इंजीनियरिंग विभाग द्वारा भव्य भंडारे का सर्वजनहित में आयोजन किया गया।

सीनियर सेक्शन इंजीनियर बी. पी. पटेरिया ने बताया कि हमारे स्टाफ द्वारा यह परंपरा वर्षों से निभाई जा रही है। प्रत्येक वर्ष भगवान श्री विश्वकर्मा जी की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। साथ ही विभाग में उपयोग होने वाले संसाधनों जैसे मशीनरी, उपकरण, इंजन संबंधी यंत्र, ट्रैक मेन्टेनेंस उपकरण आदि की भी विधिवत पूजा की जाती है। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन कर नगर के सभी नागरिकों को प्रसाद वितरित किया जाता है।

इसी क्रम में पाली नगर के अन्य स्थानों पर भी भगवान विश्वकर्मा जी की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-पाठ और हवन-पूजन किया गया। पाली नगर स्थित संजय गांधी ताप विद्युत गृह परिसर में भी अनेक स्थानों पर विधिविधान से पूजा-अर्चना कर कर्मियों ने विश्वकर्मा जयंती मनाई।

इसके साथ ही अग्रवाल शा मिल के संचालक संदीप अग्रवाल एवं हेमा टेंट हाउस के संचालक संतोष कुशवाहा द्वारा भी प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान श्री विश्वकर्मा जी की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की गई तथा भव्य और वृहद भंडारे का आयोजन कर नगरवासियों को प्रसाद वितरित किया गया।