69वीं राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता का उमरिया में ऐतिहासिक शुभारंभ — मंच पर अधिकारियों का डांस वायरल, शहर बना खेल महाकुंभ का केंद्र


उमरिया। 69वीं राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता (बालक वर्ग 14 वर्ष) का शुभारंभ आज अमर शहीद स्टेडियम में बड़ी भव्यता और ऐतिहासिक अंदाज में हुआ। पहली बार इस स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने पर जिले सहित पूरे शहडोल संभाग में उत्साह, गर्व और जश्न का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान, परेड, आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खिलाड़ियों की जोश से भरी मार्चपास्ट के साथ हुई, जहां दर्शकों की तालियों की गूंज से स्टेडियम गूंज उठा।

 

शुभारंभ समारोह के दौरान वह पल सबसे अधिक चर्चा में रहा जब सांस्कृतिक प्रस्तुति के बीच पंजाबी बीट्स बजते ही मंच पर मौजूद संभागायुक्त सुरभि गुप्ता, कलेक्टर शधरनेंद्र जैन, जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह ओहरिया, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेनगुप्ता, भाजपा नेता आशुतोष अग्रवाल, भाजपा नेता दीपू छतवानी सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उत्साह में थिरक उठे। मंच पर हुआ यह अनोखा और हल्का-फुल्का रोमांचक दृश्य कुछ ही मिनटों में दर्शकों के मोबाइल में कैद होता चला गया और बड़ी संख्या में लोगों ने इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर रील के रूप में साझा किया, जिसके बाद यह पल कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बन गया।


कलेक्टर धरनेंद्र जैन ने बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 33 राज्यों की 7697 प्रतिभागी टीमें हिस्सा ले रही हैं। खिलाड़ियों के भोजन, आवास, स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और खेल मैदानों तक नियमित परिवहन की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई है। प्रतियोगिता संचालन के लिए 60 स्थानीय अधिकारी और 40 बाहरी ऑफिशियल नियुक्त किए गए हैं।

इस प्रतियोगिता में अंडमान-निकोबार, मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, असम, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल सहित देशभर की प्रमुख टीमों ने हिस्सा लिया है। पहले दिन गुजरात बनाम सीबीएसई, डब्ल्यूएसओ बनाम आईपीएससी और बिहार के मध्य मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के मैच जिले के छह मैदानों — अमर शहीद स्टेडियम (उमरिया), कृष्णताल फुटबॉल मैदान, रेलवे फुटबॉल मैदान, नगर पालिका स्टेडियम चौदहिया, पीटीएस ग्राउंड और आवासीय खेल परिसर भरौला में खेले जा रहे हैं। जिले के खेल इतिहास में यह पहली बार है जब एक साथ इतने मैदानों पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित हो रही है।

 

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह आयोजन केवल खेल नहीं बल्कि उमरिया के लिए इतिहास रचने का अवसर है, जो आने वाले वर्षों में बड़े खेल आयोजनों के द्वार खोलेगा।

यह प्रतियोगिता 01 दिसंबर से 06 दिसंबर 2025 तक चलेगी। अंतिम दिवस पर विजेता टीमों को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश, भोपाल और स्कूल शिक्षा विभाग उमरिया द्वारा किया जा रहा है।