पाली के कन्या उच्चतर विद्यालय में गूँजा गुरु-शिष्य परंपरा का संगम

पाली (उमरिया) - कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली में शिक्षक दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमामय ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण छात्राओं और शिक्षकों की उपस्थिति से गूंज उठा।

विद्यालय के प्राचार्य आर एस दुबेदी के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं ने अपने शिक्षकों का सम्मान कर गुरुजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं प्राचार्य आर एस दुबेदी ने भी समस्त शिक्षकों का माल्यार्पण कर सम्मान किया।

विशेष बात यह रही कि शिक्षकों ने भी प्राचार्य का सम्मान कर आपसी सौहार्द और सहयोग की मिसाल पेश की। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पुष्पगुच्छ और नारियल भेंट कर अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा प्रकट की।

कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। सामूहिक तस्वीरों में शिक्षक दिवस की खुशी और गुरु-शिष्य परंपरा की झलक साफ दिखाई दी।

विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए प्राचार्य श्री दुबेदी का आभार जताया और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।