बिरसिंहपुर पाली के कुटिया धाम में श्रीमद भागवत कथा का भव्य समापन, महाशिवरात्रि पर रुद्राभिषेक, मंदिरों में पूजन व भंडारे में उमड़ा जनसैलाब


  
  बिरसिंहपुर पाली के वार्ड क्रमांक 02 स्थित शिव शांति कुटिया धाम में आयोजित संगीतमय श्रीमद भागवत कथा का भक्तिमय वातावरण के बीच भव्य समापन संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर धर्मलाभ अर्जित किया।


कथा का वाचन अंतर्राष्ट्रीय कथा व्यास एवं अध्यात्म रत्न पूज्य प्रदीप कृष्ण जी महाराज (वृंदावन) द्वारा किया गया, जिनके प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को धर्म, सदाचार और मानव सेवा का संदेश दिया।
आयोजन समिति के सदस्य एवम समाज सेवी गोपाल वासवानी ने बताया की श्रीमद भागवत कथा कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार बनाई गई थी कि कथा का समापन महाशिवरात्रि पर्व के एक दिन पूर्व हो सके, ताकि महाशिवरात्रि के अवसर पर कथा भंडारा एवं पर्व के धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ श्रद्धालुओं को एक साथ मिल सके।
महाशिवरात्रि पर्व के दिन कुटिया धाम परिसर में वृहद सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दुग्ध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, फल एवं पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
वहीं धार्मिक नगरी पाली स्थित प्रसिद्ध माता बिरासिनी मंदिर में भी महाशिवरात्रि पर्व पर सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ को जल, दूध, बेलपत्र, चंदन, पुष्प एवं प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति एवं उत्साह का वातावरण बना रहा।
इसके साथ ही नगर के छोटे-बड़े सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं द्वारा पूजा-अर्चना के साथ भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
समापन अवसर पर आयोजक समिति, महिला मंडल एवं स्वयंसेवकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में नगरवासियों का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।