पाली थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालात में महिला का शव मिलने से सनसनी

पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंधवाबारा में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला का शव उसके पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति के घर से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मृतिका की पहचान अमशिया बैगा पति सोहन बैगा, उम्र लगभग 45 वर्ष के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमशिया बैगा का शव गांव के ही राजकुमार गोड के घर में मिला। महिला का शव किसी अन्य के घर में मिलने की खबर फैलते ही गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी राजेशचंद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
थाना प्रभारी राजेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि फिलहाल महिला की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच कर रही है।
फिलहाल महिला का शव संदिग्ध हालात में दूसरे के घर मिलने से मामला रहस्यमय बना हुआ है और पूरे गांव की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।