एक वर्ष से अधिक के सभी लंबित राजस्व प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करें-कलेक्टर

राजस्व अभियान में आशाजनक प्रगति परिलक्षित नही होने पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी
 
अनूपपुर / जिले में संचालित किए जा रहे राजस्व अभियान की कलेक्टर ने राजस्व अधिकारीयों से गूगल मीट कर समीक्षा की गई।        
   समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने राजस्व अभियान के दौरान आशाजनक प्रगति परिलक्षित नही होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को प्रतिदिन राजस्व निरीक्षक व पटवारियों के कार्यों की सघन मॉनीटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में एक वर्ष से अधिक के सभी राजस्व प्रकरणों का निराकरण अभियान के दौरान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सीमांकन, नामांतरण, फौती नामांतरण, नक्‍शा तरमीम, मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के संबंध में अनुविभागीय दण्डाधिकारियों, तहसीलदार व नायब तहसीलदारों से प्रकरणवार समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर दिए गए लक्ष्य के अनुरूप निराकरण सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि राजस्व के लंबित प्रकरणों के निराकरण सुनिश्चित नही किया गया, तो जुर्माने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ ने राजस्व के लंबित सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की संख्या के अनुरूप निराकरण नही होने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि धीमे गति से कार्य स्वीकार नही किया जाएगा। सभी राजस्व अधिकारी कार्ययोजना के अनुसार बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना के तहत चिन्हांकित सभी प्रकरणों का शत-प्रतिशत लोगों को सारा एप पर प्रारूप ख की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि योजना के तहत आबादी भूमि घोषित करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।