अमलाई नगर में करवा चौथ का पर्व धूमधाम से मनाया गया, जहाँ महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखा। करवा चौथ के दिन महिलाएं कठिन तपस्या के रूप में बिना जल और आहार ग्रहण किए व्रत रखती हैं। इस अवसर पर अमलाई नगर की शनिचरी बाजार में विशेष पूजा अर्चना का आयोजन किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं।

 

सभी महिलाओं ने विधिपूर्वक माता करवा की पूजा की और चंद्र दर्शन के बाद चंद्र को अर्घ्य देकर व्रत पूर्ण किया। पति के हाथों से जल और मीठा ग्रहण कर व्रत का समापन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और स्वस्थ जीवन के लिए सामूहिक रूप से प्रार्थना की।

 

शहर के इस आयोजन में खास तौर पर देखा गया कि सभी महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर आई थीं और पूरे श्रद्धा भाव से इस पर्व को मनाया। करवा चौथ के इस व्रत को निभाते हुए, महिलाओं ने अपने पति के प्रति अपने प्रेम और समर्पण का प्रदर्शन किया।