जोहिला मोड़ पर सड़क हादसा: 17 वर्षीय युवक की मौत, दो गंभीर घायल
पाली/उमरिया: पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जोहिला मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकाश कोल (17 वर्ष), पिता ओमकार कोल, निवासी वार्ड नंबर 5 मुढुलुआ टोला, बादल कोल (17 वर्ष), पिता रंजीत कोल, निवासी वार्ड नंबर 5 मुढुलुआ टोला एवं विकास भट्ट (25 वर्ष), पिता आनंद भट्ट, निवासी पाली प्रोजेक्ट मोटरसाइकिल से पाली से करकेली किसी काम से गए थे। कार्य पूर्ण कर तीनों वापस पाली लौट रहे थे।
इसी दौरान जोहिला मोड़ के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की मदद से 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान बादल कोल की मौत हो गई।
वहीं, घायल विकाश कोल एवं विकास भट्ट को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शहडोल रेफर किया गया है।
पाली पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।