सतना में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का शक्ति प्रदर्शन: आदिशक्ति यूनियन का एटक में विलय, 400 से अधिक कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
सतना में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का शक्ति प्रदर्शन: आदिशक्ति यूनियन का एटक में विलय, 400 से अधिक कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
सतना। औद्योगिक नगरी सतना में रविवार को मध्य प्रदेश आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन (एटक) तथा एटक के तत्वावधान में सीमेंट मजदूरों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का संयुक्त सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के अधिकारों, उन पर हो रहे कथित अन्याय-अत्याचार तथा सीमेंट उद्योग के मजदूरों के शोषण और उत्पीड़न जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्मेलन की अध्यक्षता मध्य प्रदेश एटक की सचिव एवं मध्य प्रदेश आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका यूनियन की महासचिव कॉमरेड विभा पांडे ने की। मुख्य अतिथि के रूप में एटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश एटक के अध्यक्ष कॉमरेड हरिद्वार सिंह उपस्थित रहे।
सम्मेलन का सबसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम तब सामने आया जब आदिशक्ति महिला आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका यूनियन की अध्यक्ष शाहीन सिद्दीकी अपनी पूरी कार्यकारिणी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ मंच पर पहुंचीं और अपने संगठन के एटक में विलय की औपचारिक घोषणा की। इस घोषणा के बाद सम्मेलन में मौजूद लगभग 400 महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
अपने संबोधन में कॉमरेड विभा पांडे ने नव शामिल हुई सभी महिलाओं का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की सदस्यता प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब उनकी लड़ाई एटक की लड़ाई है और संगठन पूरी ताकत से उनके अधिकारों की रक्षा करेगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन के साथ-साथ न्यायालय का भी सहारा लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लड़ाई में संगठन ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है और यदि जरूरत पड़ी तो इस फैसले को लागू कराने के लिए व्यापक आंदोलन भी किया जाएगा।
वहीं, शाहीन सिद्दीकी ने कहा कि उनकी यूनियन ने पहले कई संगठनों के साथ काम किया, लेकिन किसी ने भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लड़ाई को अंतिम मुकाम तक नहीं पहुंचाया। उन्होंने कहा कि एटक और कॉमरेड विभा पांडे ने न्यायालय में संघर्ष कर कार्यकर्ताओं के हितों की रक्षा की है, इसलिए पूरा संगठन एटक में विलय कर रहा है और अब सभी साथी मिलकर अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे।
सम्मेलन को श्रीमती नीतू चौरसिया ने भी संबोधित किया और संगठनात्मक एकजुटता पर बल दिया।
अंत में एटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कॉमरेड हरिद्वार सिंह ने एटक में शामिल हुए सभी नए साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन मजदूरों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हर संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सीमेंट मजदूरों सहित एटक से जुड़े सभी श्रमिक संगठन भी इस संघर्ष में पूरा सहयोग देंगे।


