बांधवगढ़ में हाथी के शावक की मौत, पोस्टमार्टम करते समय पहुंची मां, जान बचाकर भागे डॉक्टर

बांधवगढ़ में हाथी के शावक की मौत, पोस्टमार्टम करते समय पहुंची मां, जान बचाकर भागे डॉक्टर
उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक हाथी के शावक की मौत हो गई। जिसका पोस्टमार्टम करने में डॉक्टरों के पसीने छूट गए। दरअसल पीएम करते समय अचानक उसकी मां (हाथिनी) वहां पहुंच आई। जिससे जान बचाने डॉक्टर और वन अधिकारी भाग खड़े हुए। एक घंटे बाद शावक का पीएम किया गया। दरअसल, मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बुधवार को एक जंगली हाथी के शावक की मौत हो गई। पार्क के पनपथा कोर जोन के हरदी बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक आरएफ 455 हाथी ताल एरिया में गश्ती दल ने हाथी का शव देखा और प्रबंधन के उच्च अधिकारियों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद क्षेत्र संचालक सहित वन्य जीव चिकित्सक एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पंहुची और मौत के कारणों की जांच के लिए शावक का पीएम शुरू किया, इसी बीच मृत हाथी शावक की मां चिंघाड़ते हुए पहुंच गई, जिसके बाद पार्क अमला पीएम छोड़कर भाग खड़ा हुआ। इस दौरान मां हथिनी अपने मृत शावक के आसपास घूमती रही। उसे सूंघती रही। कुछ दूर पर 11 हाथियों का झुंड मौजूद था। ऐसे में अब पार्क प्रबंधन के समक्ष और बड़ी मुसीबत बन गई। लगभग एक घंटे तक मां हाथी शव के आसपास घूमती रही। बाद में समीप ही बह रहे नाले में जाकर अपने ऊपर धूल और मिट्टी का छिड़काव कर वापस जंगल की ओर चली गई। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। पार्क के अधिकारियों के मुताबिक मृत हाथी के शरीर में कोई चोट के निशान नहीं मिले। शावक की मौत ठंड के कारण होने की संभावना जताई जा रही है।