प्राणायाम की विभिन्न मुंद्राओं का किया गया अभ्यास
शहडोल। स्वामी विवेकानंद के जयंती के अवसर पर संभागीय मुख्यालय के गांधी स्टेडियम में सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में विधायक जयसिंहनगर जयसिंह मरावी, एडीजी डीसी सागर, स्कूली विद्यार्थियों सहित गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम की विभिन्न मुद्राओं का अभ्यास किया।  कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक जयसिंहनगर जयसिंह मरावी एवं एडीजी डीसी सागर ने स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यापर्ण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन, स्वामी विवेकानंद की पवित्र वाणी का प्रसारण, मध्यप्रदेश गान का प्रसारण हुआ। वही मुख्यमंत्री के संदेश का भी प्रसारण किया गया। सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में प्रार्थना मुंद्रा, हस्तउत्तनासन, अश्व संचालनासन, अष्टांग नमस्कार, भुजंगासन, पर्वतासन एवं अन्य मुंद्राओं का अभ्यास कराया गया।