कृषि के साथ पशुपालन कर कृषक आय में वृद्धि करें - खाद्य मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह जिला स्तरीय दुधारू गाय पुरूस्कार प्रतियोगिता सम्पन्न

कृषि के साथ पशुपालन कर कृषक आय में वृद्धि करें - खाद्य मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह जिला स्तरीय दुधारू गाय पुरूस्कार प्रतियोगिता सम्पन्न
अनूपपुर / खेती के साथ पशुपालन कर कृषक अपनी आय में वृद्धि करे। भारतीय नस्ल की गायों का पालन कर दुग्ध का विक्रय तथा गोबर का खेती में उपयोग कर समृद्धि के प्रयास करना किसानों के लिए हितकर है। उक्ताशय के विचार मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने कार्यालय उप संचालक पशुपालन विभाग प्रांगण पुरानी बस्ती अनूपपुर में आयोजित मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना अंतर्गत भारतीय नस्ल की दुधारू गायों में सर्वाधिक दूध उत्पादित करने वाली गाय के जिला स्तरीय प्रतियोगिता के पुरूस्कार वितरण कार्यक्रम को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती प्रीती सिंह ने की। कार्यक्रम में विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री रामदास पुरी, नगरपालिका अनूपपुर की उपाध्यक्ष श्रीमती सोनाली तिवारी, पार्षद श्री अनिल पटेल, श्री जीतेन्द्र सोनी, पशुपालन विभाग के उप संचालक डाॅ. ए.पी. पटेल, पूर्व उप संचालक डाॅ. व्ही.पी.एस. चौहान सहित पशुपालक, कृषक तथा नागरिक उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 12 एवं 13 फरवरी को कार्यालय उपसंचालक पशुपालन विभाग में किया गया। प्रतियोगिता में 3 सर्वाधिक दूध उत्पादन करने वाली गायों का औसत उत्पादन के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रुप में चयन किया गया। जिसमें ग्राम जमुना निवासी श्री विनोद यादव की साहीवाल गाय ने 13.69 लीटर प्रति दिवस दुग्ध उत्पादन कर प्रथम स्थान, ग्राम सिवनी निवासी श्री मिथिलेश सिंह की गिर गाय ने 12.60 लीटर प्रति दिवस दुग्ध उत्पादन कर द्वितीय स्थान तथा ग्राम दुलहरा निवासी श्री दीनबंधु पटेल की गाय ने 11 लीटर प्रति दिवस औसत दुग्ध उत्पादन कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय गायों के पशुपालकों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। प्रथम पुरस्कार 51 हजार, द्वितीय पुरस्कार 21 हजार तथा तृतीय पुरस्कार 11 हजार की राशि पशुपालकों के खातों में अंतरित की जाएगी।