सीएम हेल्पलाइन पर झूठी एवं आदतन शिकायतकर्ताओं पर होगी कार्रवाई, कलेक्टर से मांगी गई जानकारी

भोपाल/उमरिया - प्रदेश सरकार ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लगातार झूठी और आदतन शिकायत दर्ज कराने वाले शिकायतकर्ताओं के खिलाफ सख्ती बरतने के संकेत दिए हैं। इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन भोपाल की ओर से सभी जिलों के कलेक्टरों को पत्र जारी किया गया है।

जारी आदेश (क्रमांक 626/सी.एम.हेल्प./2025 दिनांक 25 सितंबर 2025) में उल्लेख किया गया है कि समय-समय पर उच्च स्तर से निर्देश प्राप्त हुए हैं कि हेल्पलाइन पर झूठी एवं आदतन शिकायतें दर्ज करने वालों की पहचान कर उन पर नियमानुसार कार्यवाही की जाए। साथ ही संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पत्र में यह भी कहा गया है कि कलेक्टर कार्यालय शिकायतकर्ताओं का ब्यौरा उपलब्ध कराएं, जिसमें उनका नाम, मोबाइल नंबर, दर्ज की गई कुल शिकायतों की संख्या और उनके बारे में संक्षिप्त विवरण शामिल हो। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि सीएम हेल्पलाइन मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण प्राथमिकता योजनाओं में से एक है। इसके माध्यम से आम जनता अपनी समस्याएं सीधे दर्ज करा सकती है। लेकिन बार-बार झूठी या आदतन शिकायत दर्ज करने वालों की वजह से वास्तविक शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। अब ऐसे शिकायतकर्ताओं पर निगरानी और कार्रवाई दोनों की तैयारी है।