पाली में ‘मुन्नी का साम्राज्य’ अब कैमरे की ज़द में,नगर पालिका ने एक साल की जद्दोजहद के बाद लगाया CCTV, पुलिस बोली—अब नहीं बचेगा अवैध कारोबार,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमरिया
पाली में ‘मुन्नी का साम्राज्य’ अब कैमरे की ज़द में,नगर पालिका ने एक साल की जद्दोजहद के बाद लगाया CCTV, पुलिस बोली—अब नहीं बचेगा अवैध कारोबार
पाली। पुराने सेंट्रल बैंक के पास शासकीय स्कूल के सामने आखिरकार वह CCTV कैमरा लगा दिया गया है, जिसकी मांग पुलिस पिछले एक साल से कर रही थी। यह कैमरा एक ऐसे क्षेत्र में लगाया गया है जहां वर्षों से मुन्नी नामक महिला द्वारा गांजे के अवैध व्यापार किए जाने की शिकायतें आती रही हैं।
इलाके के लोगों के अनुसार मुन्नी न सिर्फ इस कारोबार में माहिर है, बल्कि वह अपने महिला होने का पूरा फायदा उठाकर कार्रवाई से बचती भी रही है। जब भी कोई पुलिसकर्मी उसके अवैध धंधे पर लगाम लगाने की कोशिश करता, वह तत्काल ही उनकी झूठी शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से कर देती, जिससे कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाती थी।
मुन्नी ने अपने घर के बाहर पहले से ही CCTV कैमरा लगा रखा है, ताकि पुलिस की हलचल देखते ही वह सतर्क हो सके। अब पुलिस ने उसी अंदाज़ में जवाब देते हुए—नगर पालिका से मुन्नी के घर वाली गली में ही नया कैमरा लगवाकर उसकी गतिविधियों पर निगरानी करने की तैयारी कर ली है।
हालांकि पुलिस द्वारा लगातार पत्राचार के बावजूद नगरपालिका को यह एक कैमरा लगाने में पूरे बारह महीने लग गए, लेकिन अंततः कैमरा खंभे पर चढ़ गया है और अब स्थिति बदलती दिख रही है।
इस बीच जिले में साफ-सुथरी और बेबाक छवि वाले नए पुलिस अधीक्षक के आने के बाद पाली पुलिस को भी नई ऊर्जा मिली है। अब पुलिस ने ठान लिया है कि मुन्नी के इस अवैध साम्राज्य को जड़ से उखाड़ फेंका जाएगा।
स्थानीय लोग भी कहते हैं कि—
“अबकी बार मुन्नी अपने कर्मों की सजा से बच नहीं पाएगी।”
अब देखना होगा कि कैमरे की इस नई निगरानी व्यवस्था के सहारे पुलिस कब और कैसे इस पूरे अवैध जाल को ध्वस्त करती है।


