अनूपपुर : सीसीटीवी की मदद से महिला का गुम हुआ कीमती पर्स बरामद
सीसीटीवी की मदद से महिला का गुम हुआ कीमती पर्स बरामद
कोतवाली पुलिस की तत्परता से लौटे सोने-चांदी के आभूषण, दस्तावेज और नकदी
अनूपपुर। थाना कोतवाली पुलिस की तत्परता और टीम की लगातार मेहनत से एक महिला का गुम हुआ कीमती पर्स सकुशल बरामद कर उसे वापस सौंप दिया गया। पर्स में सोने-चांदी के आभूषण, महत्वपूर्ण दस्तावेज, एटीएम कार्ड सहित नकदी रखी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, 03 सितंबर 2026 को पटोरा टोला, सब्जी मंडी के पास निवासी पूजा सारीवान पति पीताम्बर सारीवान ने थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि सब्जी मंडी से कार्यालय जाते समय रास्ते में उनका पर्स कहीं गुम हो गया है। पर्स में कीमती आभूषण और नगदी रखी हुई थी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पर्स की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया, जिसके आधार पर पर्स मिलने वाले व्यक्ति की पहचान बलराज सिंह गोंड निवासी ग्राम जमुड़ी के रूप में हुई।
पूछताछ में बलराज सिंह ने पुलिस को बताया कि 03 सितंबर को सब्जी का सामान लेकर वापस जाते समय उसे रास्ते में उक्त पर्स मिला था। पर्स का मालिक कौन है, इसकी जानकारी नहीं होने और आवश्यक कार्य से बाहर चले जाने के कारण वह पर्स तत्काल वापस नहीं कर सका।
पुलिस टीम ने पर्स को बरामद कर उसकी सामग्री का सत्यापन किया और महिला को सकुशल वापस सौंप दिया। पर्स में सोने का मंगलसूत्र, सोने की मनचली, कान की बालियां, पायल का घुंघरू, नाक की लौंग, बच्चों के हाथ का चांदी का चूड़ा, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा 800 रुपये नकद मिले।
पर्स और अपनी कीमती सामग्री वापस मिलने पर महिला के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने अनूपपुर पुलिस की तत्परता और सहयोग के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगनाथ मरकाम एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री नवीन तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली श्री संजय अशोक एक्का के नेतृत्व में की गई। मामले में प्रधान आरक्षक नितिन नामदेव, आरक्षक राजेश कंवर एवं आरक्षक राहुल तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


