सोनम वांगचुक को लेकर विवेक तंखा का बयान, बोले- “वह अपराधी नहीं हैं, पसंदीदा अस्पताल में इलाज की अनुमति मिलनी चाहिए”

जबरदस्ती सरकारी अस्पताल में रखने पर उठाए सवाल, कहा- इलाज का अधिकार हर व्यक्ति का मौलिक अधिकार

नई दिल्ली। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के इलाज को लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने सवाल उठाते हुए कहा है कि सोनम वांगचुक कोई अपराधी नहीं हैं, इसलिए उन्हें अपनी पसंद के अस्पताल में इलाज कराने की अनुमति दी जानी चाहिए।

विवेक तंखा ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को उसकी इच्छा के विरुद्ध सरकारी अस्पताल में रखने का फैसला उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी मामलों में मरीज की सहमति और उसकी पसंद का सम्मान किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि कोई व्यक्ति इलाज के लिए किसी विशेष अस्पताल को चुनना चाहता है तो उसे ऐसा करने से क्यों रोका जा रहा है। मामले को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।