स्वतंत्रता दिवस पर वक्फ बोर्ड प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने कई स्थानों पर किया ध्वजारोहण

रिपोर्ट --- अनीश तिगाला

भोपाल/अनूपपुर। देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने राजधानी भोपाल सहित कई स्थानों पर ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने देशवासियों को यौमे आजादी की मुबारकबाद देते हुए राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देश की तरक्की का संदेश दिया।

राजधानी भोपाल स्थित मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड कार्यालय में भी डॉ. सनवर पटेल ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान तिरंगा शान से लहराया और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

इस अवसर पर वक्फ बोर्ड प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने कहा कि आज का दिन देश के लिए गौरव और उत्साह का दिन है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की तरक्की में हर नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है और हमें आपसी भाईचारे के साथ राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।

उम्मीद पोर्टल पर मध्य प्रदेश के काम की सराहना

डॉ. पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश में वक्फ संपत्तियों के संबंध में उम्मीद पोर्टल पर बेहतर कार्य किया गया है। उन्होंने इस कार्य को आगे बढ़ाने में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनका शुक्रिया अदा किया।

उन्होंने कहा कि वक्फ संपत्तियों से जुड़ी जानकारी को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से दर्ज करने की दिशा में किए जा रहे प्रयास महत्वपूर्ण हैं। प्रदेश में इस काम को गति देने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों ने मेहनत की है, जिसके लिए पूरा विभाग बधाई का पात्र है।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का माहौल नजर आया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।