पाली थाना क्षेत्र में सड़क हादसा : खड़े ट्रक से टकराई बाइक, युवक की मौके पर मौत

पाली (उमरिया) - पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत घुनघुटी चौकी के पास 43 कन्नाबहरा में मंगलवार शाम लगभग 7:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उमरिया से शहडोल की ओर जा रही बाइक क्रमांक एमपी 18 एमएस 7627 सड़क किनारे खड़े ट्रक क्रमांक एचआर 55 एए 7401 से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया गया है कि युवक के साथ एक महिला भी थी, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए शहडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया है। हालांकि जब महिला से युवक के बारे में पूछताछ की गई, तो उसने मृतक को पहचानने से इंकार कर दिया। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे का मुख्य कारण सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी हो सकती है, जिसकी वजह से बाइक सवार को सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया।

इसी तरह के हादसे घुनघुटी क्षेत्र में आम हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि यहां संचालित ढाबों के दोनों ओर दिन-रात ट्रक खड़े रहते हैं, जिससे सामने से आने वाले वाहन चालकों को सड़क साफ नजर नहीं आती और अक्सर जानलेवा दुर्घटनाएं हो रही हैं।

अब देखना होगा कि आखिर कब तक सड़क किनारे खड़े ट्रकों और लापरवाहियों की वजह से लोग असमय मौत के शिकार होते रहेंगे।