मंगठार मोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसा, दो युवक घायल,जन्मदिन मनाकर लौटते समय शिफ्ट बस से टकराई बाइक, एक हालत गंभीर,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमरिया
मंगठार मोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसा, दो युवक घायल,जन्मदिन मनाकर लौटते समय शिफ्ट बस से टकराई बाइक, एक हालत गंभीर
पाली/उमरिया। मंगठार डेम से शनिवार की शाम तकरीबन शाम 5 बजे लौट रहे दो युवकों की मोटरसाइकिल मंगठार मोड़ के पास प्लांट में लगी पीले रंग की शिफ्ट बस से जा टकराई। तेज़ टक्कर के कारण दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक के चेहरे और सिर पर गहरी चोटें आई हैं।
घायलों की पहचान किशन यादव पिता बबलू यादव उम्र लगभग 26 वर्ष निवासी घुनघुटी तथा सोनू सिंह परस्ते पिता भारत सिंह परस्ते उम्र लगभग 25 वर्ष के रूप में हुई है। इसमें किशन यादव गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि सोनू को मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक किसी महिला मित्र का जन्मदिन मनाने मंगठार डेम गए थे। वहां बैठकर शराब पार्टी किए जाने की भी बात सामने आई है। पार्टी के बाद घर लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर बस से भिड़ गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची 108 एंबुलेंस ने दोनों घायलों को पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने किशन यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सोनू सिंह परस्ते को हल्की चोटें आई हैं और उसका उपचार पाली में जारी है।
इस बीच पाली पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक की तेज रफ्तार और शराब के सेवन को दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।


