पाली NH-43 मुढुलूहा टोला के समीप भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत

पाली। आज  शाम सोमवार राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर मुढुलूहा टोला के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम कुमुर्द निवासी सतीश सिंह पिता पप्पू सिंह, विकास बैगा और चमन सिंह पल्सर बाइक (क्रमांक MP-54-ZB-8364) से पाली की ओर जा रहे थे। जब वे एनएच-43 पर मुढुलूहा टोला के पास पहुंचे, तभी पाली की दिशा से आ रहे कैप्सूल ट्रक (क्रमांक MP-20-ZL-5851) से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में सतीश सिंह और विकास बैगा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चमन सिंह को मामूली चोटें आई हैं। मृतक ग्राम कुमुर्द के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।