जिला कांग्रेस कार्यालय में हस्ताक्षर अभियान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

वीरांगना रानी दुर्गावती जी की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की गई, साथ ही हस्ताक्षर अभियान को और प्रभावी बनाने हेतु ब्लॉक/मंडलम प्रभारी बनाए जाने का लिया निर्णय

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम कुमार गुड्डू चौहान के द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में बैठक का आयोजन किया गया। जिसने वोट चोर गद्दी छोड़ मुहिम के तहत राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान एवं ब्लॉक अध्यक्ष चयन प्रक्रिया पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा हस्ताक्षर अभियान को और भी अधिक प्रभावी बनाने के लिए ब्लॉक प्रभारी/मंडलम प्रभारी बनाए जाने का निर्णय लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार रविवार शाम जिला कांग्रेस कार्यालय में "वोट चोर गद्दी छोड़" राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत वीरांगना रानी दुर्गावती जी की जयंती के अवसर पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। बैठक में उपस्थित विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को, राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान जिला प्रभारी मनोज मिश्रा, कोतमा विधानसभा प्रभारी जे.पी. श्रीवास्तव, अनूपपुर विधानसभा प्रभारी रामखेलावन राठौर, पुष्पराजगढ़ विधानसभा प्रभारी संतोष पांडे 'बबलू' ने अभियान को लेकर अपने-अपने सुझाव साझा किए एवं लक्ष्य प्राप्ति के लिए रणनीति तय की। साथ ही वोटर लिस्ट पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर वोटर लिस्ट पुनरीक्षण कार्यक्रम जिला प्रभारी जीवेंद्र सिंह ने बीएलए-2 गठन की रूपरेखा प्रस्तुत की और तीनों विधानसभा क्षेत्रों में इसे प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्षगण, मंडलम अध्यक्षगण, पार्षदगण, पूर्व पार्षदगण, नगरपालिका उपाध्यक्ष, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, एसटी/एससी विभाग, सेवादल, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने भी अभियान की सफलता हेतु अपने अपने सुझाव दिए। बैठक में सभी कार्ययोजनाओं को कार्यालय प्रभारी सत्येंद्र दुबे द्वारा समीक्षा रजिस्टर में संख्या सहित सुरक्षित किया गया। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में हुंकार भरी "वोट चोर गद्दी छोड़"।