तेज रफ्तार ट्रक हाइवा में घुसा: चालक 7 घंटे से फंसा, रातभर चलती रही जिंदगी बचाने की जंग

उमरिया/पाली — पानी थाना क्षेत्र के घुनघुटी चौकी अंतर्गत बीती रात लगभग 2 बजे घुनघुटी बस स्टैंड के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहाँ तेज रफ्तार ट्रक BR-GD-3852 पीछे से सड़क किनारे खड़े हाइवा MP-07-HB-3005 में जोरदार तरीके से जा टकराया। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक के लिए बाहर निकलने की कोई जगह नहीं बची।

इस हादसे में ट्रक चालक अर्जुन उर्फ रिंकू यादव (27 वर्ष), पिता कांतातालाल, निवासी ग्राम चिकसैरी थाना चील्ह जिला मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसका बायां पैर केबिन के मलबे और लोहे की संरचना में बुरी तरह फंस गया है और वह करीब 7 घंटे से उसी स्थिति में दर्द से जूझ रहा है।

 *पुलिस और रेस्क्यू टीम अलर्ट — हाइड्रा मशीन से चल रहा प्रयास*

घटना की सूचना मिलते ही घुनघुटी चौकी पुलिस और थाना प्रभारी पाली रात में ही मौके पर पहुंचे। पूरी रात पुलिस और राहत दल लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे रहे, लेकिन चालक के फंसे होने की स्थिति बेहद जटिल होने के कारण उसे बाहर निकाल पाना मुश्किल साबित हो रहा है।

अब पुलिस ने मौके पर हाइड्रा मशीन बुलवाई है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।

 *ट्रक में ही उपचार — 108 की मेडिकल टीम तैनात*

चालक की हालत गंभीर होने के बावजूद उसे बाहर न निकाल पाने की मजबूरी के चलते 108 एम्बुलेंस की मेडिकल टीम वहीं मौके पर मौजूद है और चालक को उसी जगह पर ड्रिप, इंजेक्शन और दर्द निवारक दवाएं दी जा रही हैं ताकि उसकी स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।

 *दर्द में भी हिम्मत* उम्मीद की डोर थामे बैठा चालक

स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद से चालक लगातार दर्द से कराह रहा है, लेकिन वह हिम्मत नहीं हार रहा। उसकी निगाहें बस इस उम्मीद में हैं कि जल्द उसे इस दर्दभरी स्थिति से बाहर निकाला जा सके।


ढाबों के पास खड़े ट्रकों की वजह से हादसे लगातार — कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों ने इस हादसे के बाद नाराजगी जताते हुए कहा कि घुनघुटी में ढाबों के आसपास सड़क के दोनों ओर ट्रक खड़े होने की प्रवृत्ति आम हो गई है, जिससे सड़क हादसे बढ़ते जा रहे हैं।

*लोगों की मांग है कि:-*

 ढाबा संचालकों पर सख्त कार्रवाई हो
 सड़क किनारे ट्रक खड़ा करने पर प्रतिबंध लगे और पुलिस नियमित कार्रवाई और पेट्रोलिंग करे

क्षेत्रवासियों का कहना है —
“अनियंत्रित पार्किंग हादसों को दावत दे रही है, कार्रवाई जरूरी है।”