*“पीला अक्षत लेकर घर-घर पहुँचे शिक्षक-विद्यार्थी, प्रवेश उत्सव के लिए अनूठा आमंत्रण”।*


अनूपपुर। जन शिक्षा केंद्र अनूपपुर अंतर्गत माध्यमिक विद्यालय कन्या बस्ती अनूपपुर के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा आगामी 1 अप्रैल को आयोजित होने वाले प्रवेश उत्सव को लेकर एक प्रेरणादायक एवं नवाचारी पहल की गई। इसके तहत विद्यालय परिवार ने अपने वार्ड में भव्य जुलूस निकालकर घर-घर जाकर पीला अक्षत के साथ अभिभावकों को आमंत्रण दिया।
जुलूस के दौरान “बेटी पढ़ेगी, इतिहास गढ़ेगी”, “आधा रोटी खाएंगे, बच्चों को पढ़ाएंगे”, “सब पढ़ेंगे, सब बढ़ेंगे” एवं “शिक्षा का अधिकार सबको है” जैसे जागरूकता से भरे नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इस पहल ने न केवल शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश भी दिया।
वार्ड के निवासियों ने इस जुलूस का गर्मजोशी से स्वागत किया। जब अभिभावकों को पीला अक्षत देकर आमंत्रित किया गया, तो उन्होंने इस अनूठे प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।इस अवसर पर जन शिक्षा केंद्र अनूपपुर के जनशिक्षक रामकुमार राठौर, संस्था प्रधान अजय कुमार प्रसाद, सविता प्रजापति, एस. स्वाती राव, अतिथि अध्यापक श्रीमती विद्या राठौर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं स्व सहायता समूह के सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रमेश प्रजापति और सपंत पटेल ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
संस्था प्रधान अजय कुमार प्रसाद ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि“प्रवेश उत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का अभियान है। हमारा प्रयास है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। समाज और अभिभावकों के सहयोग से ही हम ‘सब पढ़ें, सब बढ़ें’ के संकल्प को साकार कर सकते हैं।”इस तरह विद्यालय द्वारा किया गया यह प्रयास शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नए शैक्षणिक सत्र में अधिक से अधिक बच्चों के नामांकन सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रहा है।