मां बिरासिनी के दर्शन कर विधायक अभिलाष पांडे ने लिया आशीर्वाद, बोले– 2026 होगा किसान कल्याण का वर्ष,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमारिया
मां बिरासिनी के दर्शन कर विधायक अभिलाष पांडे ने लिया आशीर्वाद, बोले– 2026 होगा किसान कल्याण का वर्ष

उमरिया बिरसिंहपुर पाली - जबलपुर उत्तर विधानसभा से विधायक एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे अल्प प्रवास पर उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली पहुंचे। यहां उन्होंने सपरिवार मां बिरासिनी शक्तिपीठ में विधिविधान से पूजा-अर्चना कर दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर वे शक्तिपीठ परिसर में हर वर्ष आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय मानस गायन प्रतियोगिता के शुभारंभ कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए।

दर्शन उपरांत पत्रकारों से चर्चा करते हुए विधायक अभिलाष पांडे ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार निरंतर विकास की नई इबारत लिख रही है। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में जहां राज्य का बजट सीमित रहा, वहीं वर्तमान भाजपा सरकार ने 4 लाख 21 हजार करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट प्रस्तुत किया है, जो प्रदेश में हो रहे व्यापक विकास का प्रत्यक्ष प्रमाण है। आने वाले समय में यह बजट और भी बढ़ेगा।

विधायक पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में वर्ष 2025 को औद्योगिक विकास वर्ष के रूप में मनाया गया, जबकि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में समर्पित किया जाएगा। इस दौरान किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई, फसल बीमा और कृषि अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए कई अहम निर्णय लिए जाएंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन 2047 का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को आत्मनिर्भर और विश्व गुरु बनाने की दिशा में मध्य प्रदेश सरकार अग्रणी भूमिका निभा रही है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है और नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के चलते अब विकास का माहौल तेजी से मजबूत हो रहा है।
इस दौरान विधायक अभिलाष पांडे ने युवाओं को विशेष संदेश देते हुए कहा कि देश का भविष्य युवा शक्ति के हाथों में है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आगे आएं और राजनीति के माध्यम से राष्ट्र सेवा करें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में कार्य करते समय तीन मूल मंत्र हमेशा याद रखें—
नेशन फर्स्ट, ऑर्गनाइजेशन सेकंड और सेल्फ थर्ड।
इन्हीं सिद्धांतों पर चलकर युवा देश और समाज के लिए सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।


