भोपाल । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सच्चाई और न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं। देश और प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अब समय आ गया है कि हम एक साथ खड़े होकर अपनी आवाज को बुलंद कर बताएं कि राहुल गांधी अकेले नहीं हैं। करोड़ों कांग्रेसजन और आमजन इस लड़ाई में आपके साथ खड़े हैं। उन्होंने यह बात कल प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय प्रांगण में आयोजित बैठक में मौन सत्याग्रह को सफल बनाने की अपील करते हुए कार्यकर्ताओं से कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर प्रश्न उठाते रहे हैं। भाजपा ने कुटिल कदम उठाकर लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया पर आवाज को नहीं दबा सके। कार्यकर्ता और प्रदेशवासी सच्चाई और न्याय की इस लड़ाई में जनविरोधी भाजपा सरकार के विरुद्ध कांग्रेस के मौन सत्याग्रह को सफल और प्रभावी बनाएं ताकि आपकी आवाज प्रदेश विधानसभा से लेकर संसद तक गूंजे। मौन सत्याग्रह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ, प्रभारी महासचिव जेपी अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह सहित पार्टी विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे। उधर पुजारियों के सभी संगठन मिलकर बुधवार को विधानसभा का घेराव करेंगे। साउथ टीटी नगर स्थित श्रीराम मंदिर के पास सभी पुजारी एकत्र होंगे और वहां से पैदल मार्च करते हुए विधानसभा घेराव के लिए निकलेंगे। पुजारियों के इस प्रदर्शन का कांग्रेस के मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ ने समर्थन किया है। प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शिवनारायण शर्मा और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने पत्रकारवार्ता में बताया कि सरकार की घोषणा के बाद भी मंदिरों की भूमि पर कलेक्टर व्यवस्थापक के रूप में बने हुए हैं। पुजारियों को परेशान किया जा रहा है।