नई दिल्ली। वर्षा का दौर थमने और धूप की चुभन बढ़ने के साथ-साथ ही उमस भरी गर्मी ने भी तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को दिल्ली वासी दिन भर इस गर्मी से बेहाल रहे। दिल्ली का अधिकतम पारा सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक लोगों को ऐसी ही गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा। शुक्रवार को सुबह सूरज निकल गया था। दिन चढ़ने के साथ धूप भी तीखी होती गई। इससे तापमान में तेजी से वृद्धि देखने को मिली। पिछले दिनों हुई बरसात के चलते वातावरण में खासी नमी भी मौजूद है।

गर्मी और नमी का मेल होने के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। दिन भर लोग पसीना पोंछते नजर आए। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। नमी का स्तर 82 से 55 प्रतिशत तक रहा।

दूसरी तरफ शुक्रवार को दिल्ली का हीट इंडेक्स दोपहर ढाई बजे 48 जबकि शाम साढ़े पांच बजे बढ़कर 51 पहुंच गया। मालूम हो कि हीट इंडेक्स नमी और तापमान के स्तर के आधार पर जारी किया जाता है। इसका मतलब यह कि दोपहर ढाई और शाम साढ़े पांच बजे उतनी गर्मी महसूस हुई जितनी क्रमश: 48 या 51 डिग्री तापमान पर होती है। अधिकतम तापमान और हीट इंडेक्स की दृष्टि से भी शुक्रवार जुलाई माह का सबसे गर्म दिन रहा।

कुछ इलाकों में 40 के पार पहुंचा तापमान

दिल्ली के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। दिल्ली विश्वविद्यालय में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि नजफगढ़ केंद्र में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा। मुंगेशपुर इलाके में दिन के समय 21.5 मिमी वर्षा भी दर्ज की गई।

तीन दिन बनी रहेगी गर्मी और उमस

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के दौरान दिल्ली में गर्मी और उमस बनी रहेगी। मानसून रेखा अभी एनसीआर से थोड़ा दूर खिसक गई है। इस बीच कोई पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय नहीं हुआ है। इसके चलते फिलहाल एनसीआर में अच्छी बारिश की संभावना कम है। इसी कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और तापमान में तीन से चार डिग्री तक की गिरावट आएगी। शनिवार को अधिकतम तामपान 38 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हवा की गति 14 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रह सकती है।

दिल्ली की हवा साफ

मौसम की मेहरबानी से दिल्ली की हवा लगातार साफ बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स109 रहा। इस स्तर की हवा को "मध्यम'' श्रेणी में रखा जाता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक दिल्ली का एयर इंडेक्स इसी श्रेणी में रहेगा।