नई दिल्ली। राजधानी में पिछले कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी बनी हुई है। शनिवार को भी तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ाए। दोपहर के बाद आकाश में हल्के बादल भी छाए लेकिन दिल्ली में कहीं वर्षा नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक आकाश में बादल छाए रहेंगे।

उमस भरी गर्मी से नहीं मिलेगी राहत

इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की वर्षा होने की संभावना है। फिर भी रविवार को उमस भरी गर्मी बरकरार रहने की संभावना है। इस वजह से अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके दो दिन बाद तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस कम होने की संभावना है।

37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया अधिकतम तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। एक दिन पहले दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस था। इस तरह पिछले दिन के मुकाबले अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई।

हवा की गुणवत्ता रही संतोषजनक

दिल्ली सहित एनसीआर के ज्यादातर शहरों में शनिवार को हवा की गुणवत्ता संतोषजनक रही। इसलिए हवा काफी हद तक साफ रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, अगले तीन दिन तक दिल्ली में हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में ही बरकरार रहेगी।

95 दर्ज किया गया एयर इंडेक्स

दिल्ली का एयर इंडेक्स 95 दर्ज किया गया जो संतोषजनक श्रेणी में है। एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स मध्यम श्रेणी में 109 था। फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 74, गाजियाबाद का 88, ग्रेटर नोएडा का 78, नोएडा का एयर इंडेक्स 92 दर्ज किया गया जो संतोषजनक श्रेणी में है। गुरुग्राम का एयर इंडेक्स मध्यम श्रेणी में 122 दर्ज किया गया।