नई दिल्ली । सेक्टर 10 थाना क्षेत्र के गढ़ी में एक 30 वर्षीय युवक ने अवैध पिस्टल से नशे की हालत में खुद को गोली मार ली। गोली के छर्रे उसके कमर की दाहिनी साइड में लगे हैं। इसके बाद घायल युवक गाड़ी चलाकर खुद ही मेदांता अस्पताल पहुंच गया। सूचना के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। सेक्टर 10 थाना पुलिस ने बताया कि शनिवार रात सिपाही सुनील कुमार टीम के साथ रात्रि गस्त पर थे। इसी दौरान फोन पर गोली लगने से घायल एक युवक के मेदांता अस्पताल पहुंचने की जानकारी मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ की। इसके बाद उसकी पहचान गढ़ी निवासी हितेश यादव के रूप में की गई। उसकी कमर की दाहिनी साइड में छर्रे के निशान थे। पुलिस टीम गढ़ी स्थित हितेश के घर पहुंची। यहां सीसीटीवी फुटेज और घर वालों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि हितेश रात में काफी नशे में था। उसने अपने पास रखे अवैध रूप से पिस्टल दो बार फायर किया। गोली के छर्रे उसकी कमर में ही लगे। इससे वह घायल हो गया। घर से दो खाली खोल भी बरामद किए गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।