आप के प्रदर्शन को लेकर हाई अलर्ट पर दिल्ली पुलिस चप्पे-चप्पे पर जवानों की तैनाती

नई दिल्ली । दिल्ली में आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। पुलिस ने प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है। पुलिस को दिल्ली के कई इलाकों और पंजाब से भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के आने की सूचना मिली है। दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 1000 जवान तैनात रहेंगे। दिल्ली पुलिस के अनुसार, दिल्ली बीजेपी ने भी 2 फरवरी को आप मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है, पुलिस ने उन्हें अनुमति देने से इनकार कर दिया है। बता दें कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी (आप) दो फरवरी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन करने का एलान किया था। जानकारी के अनुसार प्रदर्शन में आप के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शामिल होंगे। इसके साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी इस प्रदर्शन में शामिल होने की जानकारी थी।