हरदा में पटाखा फैक्टरी में ब्लास्ट, नौ की मौत, 90 से अधिक घायल, PM मोदी ने जताया दुख

हरदा । ब्लास्ट होने का सिलसिला थम नहीं रहा था, जिससे राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुए। एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। आग लगने के समय 30 से अधिक मजदूर फैक्टरी में काम कर रहे थे। घायलों और मृतकों में बच्चों और महिलाओं के होने की भी आशंका व्यक्त की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह पटाखा फैक्टरी राजू अग्रवाल की है। ब्लास्ट इतने भीषण थे कि आसपास के मकान गिर गए।
प्रधानमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुख जताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जो घायल हुए हैं, वे जल्द से जल्द तंदुरूस्त हो जाएंगे। स्थानीय प्रशासन सबको मदद पहुंचा रहा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा कोष से प्रत्येक मृतक के रिश्तेदार को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
सड़क किनारे पड़ी हैं लाशें
हादसे के बाद पास की सड़क पर वाहन उछलकर दूर गिर गए। कुछ लोगों की मौत सड़क पर ही हो गई। उनकी लाशें सड़क किनारे पड़ी है। हरदा कलेक्टर ऋषि गर्ग ने मौतों की पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि 20 से 25 लोग घायल हुए हैं। कुछ की हालत गंभीर है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एनडीआरएफ औऱ एसडीआरएफ की मदद ली जा रही है। हमारा फोकस बचाव एवं राहत कार्यों पर है।
100 से ज्यादा घर खाली कराए
पटाखा फैक्टरी में ब्लास्ट के बाद आसपास के 60 से ज्यादा घरों में आग लग गई। फैक्टरी के आसपास सड़क पर कुछ शव पड़े दिखे हैं। 25 से अधिक घायलों को हरदा जिला अस्पताल ले जाया गया है। प्रशासन ने 100 से ज्यादा घर खाली करवा दिए हैं। धमाके की चपेट से पास की सड़क पर चल रहे वाहन भी कुछ दूरी तक उछल गए। क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल है। फैक्टरी से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से देखा जा सकता है।