केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी में वार्षिक खेल महोत्सव का आयोजन

कोतमा-  केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी में वार्षिक खेल महोत्सव (2023-24) का आयोजन बड़े धूमधाम से किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में  विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष  एच.एस. मदान, महाप्रबंधक एस. ई. सी. एल. जमुना कोतमा क्षेत्र एवं अलंकृता महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती तरुणा मदान विशिष्ट अतिथि रहीं। इसके साथ ही कार्यक्रम में अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।  कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य महोदय  मनोज कुमार द्वारा मुख्य अतिथि महोदय के स्वागत से हुई। विद्यालय के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों एवं महाप्रबंधक एस. ई. सी. एल. द्वारा खेल मशाल को प्रज्ज्वलित कर  प्रतियोगिताओं का आरंभ किया गया। सर्वप्रथम विद्यालय के सभी सदनों के द्वारा मार्च पास्ट किया गया। इसके उपरांत संगीत शिक्षक  शरदेन्दु प्रियदर्शी के निर्देशन में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा योग के विभिन्न आसनों का प्रदर्शन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्रों द्वारा खेलकूद की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया गया तथा मुख्य अतिथि महोदय एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा उन्हें मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक मृत्यंजय मिश्र तथा शिक्षिका सुश्री शिवांगी यादव  द्वारा किया गया। वार्षिक खेल महोत्सव के इस आयोजन में 100 मीटर 200 मीटर तथा 400 मीटर रिले दौड़ तथा अन्य प्रतियोगिताएँ हुई। प्राथमिक विभाग के नन्हे-मुन्ने बच्चों के द्वारा 50 मी. दौड़,मार्बल स्पून दौड़,रस्सा-कस्सी आदि प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया गया। मैच रेफरी की भूमिका बादल राय द्वारा निभाई गई। इस खेल महोत्सव में आयोजनकर्ता खेल शिक्षक हरिकेश्वर सिंह की विशेष भूमिका रही।  सभी प्रतियोगिताओं के संपन्न होने के उपरांत मार्च-पास्ट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर अशोक सदन को प्रथम, टैगोर सदन को द्वितीय और शिवाजी सदन को तृतीय स्थान की शील्ड प्रदान की गई। मुख्य अतिथि एच.एस. मदान ने शिक्षा के साथ-साथ खेल के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि खेल से शारीरिक स्वास्थ्य ही नही अपितु मानसिक स्वास्थ्य को भी बल मिलता है जो एक सबल समाज और देश निर्माण में विशेष भूमिका निभाता है । मुख्य अतिथि महोदय ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों तथा शिक्षकों को बधाई देते हुए बच्चों के कौशल को सराहा और भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएँ दी। विद्यालय के इस वार्षिक खेल महोत्सव में सभी छात्रों के साथ-साथ उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे। विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सक्रिय योगदान से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वरिष्ठ शिक्षक विजय कुमार सोनी द्वारा सभी अतिथियों एवं अभिभावकों तथा शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार प्रकट किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।