विकसित भारत का सपना युवाओं से पूरा होगा.... डॉ. राजकुमार रंजन सिंह (मा. केंद्रीय राज्य मंत्री, भारत सरकार)

विकसित भारत का सपना युवाओं से पूरा होगा.... डॉ. राजकुमार रंजन सिंह (मा. केंद्रीय राज्य मंत्री, भारत सरकार)
अमरकंटक- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय एवं शिक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री माननीय डॉ. राजकुमार रंजन सिंह का आगमन हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी जी के कुशल नेतृत्व में एक संक्षिप्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें माननीय मंत्री जी ने विदेश नीति पर व्याख्यान दिया और मा. कुलपति जी की पुस्तक 'बात उन दिनों की है' का मोचन किया। व्याख्यान के दौरान माननीय मंत्री जी ने भारत सरकार की विदेश नीति को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत वाणिज्य, ऊर्जा, पर्यावरण और भू-राजनीतिक स्थिरता के मामले में दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण देशों में से एक है। अपने समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता के साथ, यह विकास और समृद्धि के लिए एक इंजन है। भारत की स्टार्ट–अप सफलता की कहानी जीवन को आसान बनाने के लिए नवीनतम प्रौद्योगिकी के उपयोग से प्रेरित है। इस क्षेत्र में हमारे संयुक्त प्रयासों से दुनिया के समक्ष क्रांतिकारी परिवर्तन लाने की क्षमता है। मुझे विश्वास है कि मा. प्रधानमंत्री जी के 'विकसित भारत' के सपने को मूर्त रूप देने में आप जैसे युवाओं का योगदान शीर्ष पर होगा। माननीय मंत्री जी ने पुस्तक विमोचन करते हुए कहा कि इसमें प्रकाशित कहानीयां मिट्टी से जुड़ी हुई हैं, जो हमें देश की माटी की याद दिलाती है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट को वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर व्योमकेश त्रिपाठी जी ने पटल पर रखा तथा प्रोफेसर आलोक श्रोत्रीय (डीन अकादमिक) द्वारा 'बात उन दोनों की है' पुस्तक की समीक्षा की गई। मा. कुलपति प्रोफ़ेसर श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी जी ने पुस्तक रचना के दौरान आए रोचक प्रसंगों को सभा के समक्ष रखा और पुस्तक में सहयोग करने वाले व्यक्तियों रत्नेश चंद्र श्रीवास्तव, युगांक सिंह एवं गौरव सिंह को मंच पर आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफ़ेसर एन.एस.एच.एन. मूर्ति दौरा दिया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।