ग्राम गोबरी में जंगली हाथी के कुचलने से हुई ग्रामीण की मृत्यु की मजिस्ट्रेटियल जांच हेतु कोई भी व्यक्ति तीन दिवस में जानकारी, लिखित साक्ष्य, दस्तावेजी साक्ष्य, कथन कर सकता है प्रस्तुत @रिपोर्ट - मो अनीश तिगाला

ग्राम गोबरी में जंगली हाथी के कुचलने से हुई ग्रामीण की मृत्यु की मजिस्ट्रेटियल जांच हेतु कोई भी व्यक्ति तीन दिवस में जानकारी, लिखित साक्ष्य, दस्तावेजी साक्ष्य, कथन कर सकता है प्रस्तुत
@रिपोर्ट - मो अनीश तिगाला
अनूपपुर 26 फरवरी 2024/ जनपद पंचायत जैतहरी के ग्राम गोबरी में 22 फरवरी 2024 को जंगली हाथी के कुचलने से ग्रामीण ज्ञान सिंह के मृत्यु उपरांत ग्रामीणों एवं पुलिस तथा वन कर्मियों के मध्य हुए विवाद की घटना की मजिस्ट्रेटियल जांच हेतु कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट द्वारा अपर जिला मजिस्ट्रेट अनूपपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिसमें अपर जिला मजिस्ट्रेट जांच के बिन्दु मृतक ज्ञान सिंह हाथी द्वारा किन परिस्थितियों में मारा गया ?, उक्त घटना की जानकारी वन विभाग एवं पुलिस विभाग को कैसे प्राप्त हुई ?, क्या उक्त घटना की जानकारी प्राप्त होने पर विभागों द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया का पालन किया गया ?, ग्रामीणों एवं पुलिस व वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों के मध्य हुए वाद-विवाद का क्या कारण है ?, क्या पुलिस कर्मियों एवं वन कर्मियों ने ग्रामीणों को चेतावनी दी थी ?, फायरिंग किसके द्वारा और किन परिस्थितियों में की गई ?, क्या फायरिंग किया जाना आवश्यक था ?, क्या फायरिंग के अलावा अन्य विकल्प था ?, किस शस्त्र के द्वारा फायरिंग की गई, कितने राउण्ड फायरिंग हुई तथा फायरिंग में उपयोग किया गया शस्त्र किसके आधिपत्य में था ?, घटना उपरांत सर्चिंग में क्या-क्या पाया गया ?, मृतक के मृत्यु के कारण के संबंध में स्पष्ट टीप ?, उक्त क्षेत्र में ऐसी घटना होने की परिस्थिति कब से निर्मित थी तथा वन विभाग के द्वारा इसे रोकने हेतु क्या समुचित उपाय अपनाए गए ?, जांच के दौरान पाए गए अन्य महत्वपूर्ण तथ्य या सामग्री ?, इस घटना की पुनरावृत्ति भविष्य में न हो, इस संबंध में आवश्यक सुझाव तथा अन्य सुसंगत तथ्य जो जांच में पाए गए उनका उल्लेख किया जाए ? उक्त घटना से संबंधित उपरोक्त बिन्दुओं के संबंध में कोई भी व्यक्ति जानकारी, लिखित साक्ष्य, दस्तावेजी साक्ष्य एवं कथन देना चाहे वे तीन दिवस के भीतर न्यायालयीन समय में अपर जिला मजिस्ट्रेट अनूपपुर के न्यायालय (संयुक्त जिला कार्यालय अनूपपुर) में उपस्थित होकर प्रस्तुत कर सकते हैं।