अनूपपुर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव कॉमरेड सीताराम येचुरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। भाकपा ने इसे कम्युनिस्ट आंदोलन के लिए एक बहुत बड़ी क्षति बताया है।

भाकपा मध्य प्रदेश के राज्य कार्यकारिणी सदस्य कॉमरेड विजेंद्र सोनी एडवोकेट ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा, “कॉमरेड सीताराम येचुरी का योगदान कम्युनिस्ट आंदोलन में अविस्मरणीय है। उन्होंने एक आदर्श, जुझारू कम्युनिस्ट और मार्क्सवादी चिंतक के रूप में अपनी प्रतिष्ठा बनाई। छात्र जीवन से लेकर माकपा के महासचिव के पद तक, उन्होंने अपने दायित्वों को गरिमा और निष्ठा के साथ निभाया, जो हमेशा याद रहेगा।”

विजेंद्र सोनी ने येचुरी के राजनीतिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों के संयुक्त आंदोलन और लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों के गठबंधन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान था। उन्होंने कहा, "कॉमरेड सीताराम येचुरी का निधन वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य और कम्युनिस्ट आंदोलन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्हें लाल सलाम!"