*"वसुंधरा दिवस पर कोतमा महाविद्यालय में नारों में गूंजा पर्यावरण के प्रति समर्पण का स्वर"*

*"वसुंधरा दिवस पर कोतमा महाविद्यालय में नारों में गूंजा पर्यावरण के प्रति समर्पण का स्वर"*
कोतमा, / महाराजा मार्तंड महाविद्यालय, कोतमा में विश्व वसुंधरा दिवस के अवसर पर ईको क्लब द्वारा विविध जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित इस वर्ष की थीम "हमारी शक्ति, हमारा ग्रह" के अनुरूप कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्वबोध विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में "पृथ्वी पर नारा लेखन प्रतियोगिता" का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास जैसे विषयों पर प्रभावशाली नारों की प्रस्तुति दी। प्रस्तुत नारों में "धरती बचाओ, जीवन सजाओ", "प्रकृति से प्रेम करो, भविष्य से वादा करो" जैसे संदेशों ने सभी को विशेष रूप से प्रभावित किया।
कार्यक्रम का समापन महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. आकांक्षा पाण्डेय के प्रेरक उद्बोधन के साथ हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और सतत विकास की दिशा में जागरूक नागरिक की भूमिका निभाएं।
इस आयोजन को सफल बनाने में प्रभारी प्राचार्य डॉ. आकांक्षा पाण्डेय एवं इको क्लब के सक्रिय सदस्य डॉ. प्रवीण कुमार यादव, डॉ. राज कुमार रैदास एवं सुश्री कृति मरावी की प्रमुख भूमिका रही। साथ ही डॉ. सुरेश कुमार चौधरी, डॉ. चेतना शर्मा एवं समस्त स्टाफ ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ-साथ समस्त स्टाफ ने भी पृथ्वी के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सभी ने एक सफल, प्रेरणास्पद और आवश्यक प्रयास के रूप में सराहा।