पाली रेलवे ट्रैक पर मिली महिला की प्रिया बैगा के रूप में हुई शिनाख्त

पाली (उमरिया) - पाली रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर पहले डाउन लाइन पर मिली महिला के शव की पहचान अब प्रिया बैगा (उम्र लगभग 20–21 वर्ष) के रूप में हो गई है। प्रिया बैगा रायपुर की निवासी थी और उसके पति का नाम विवेक बैगा बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना उमरिया से पाली रेलवे स्टेशन की ओर आने वाली रेलवे लाइन पर हुई, जहां ट्रेन क्रमांक 11265 जबलपुर–अंबिकापुर एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका अपने ससुराल बिरसिंहपुर पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिंजरी में रह रही थी। प्रारंभिक तौर पर महिला द्वारा ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि यह हादसा भी हो सकता है। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। रेलवे ट्रैक से जुड़ा मामला होने के कारण रेलवे पुलिस द्वारा प्रारंभिक कार्रवाई की गई तथा पाली पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस मृतका के परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच हर पहलू से जारी है।