जरहा शासकीय स्कूल में सामूहिक रूप से 36 छात्र बीमार, कारण अज्ञात,,रिपोर्ट@राजकुमार गौतम उमारिया
जरहा शासकीय स्कूल में सामूहिक रूप से 36 छात्र बीमार, कारण अज्ञात

उमरिया करकेली - उमरिया जिले के करकेली विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जरहा में उस समय हड़कंप की स्थिति बन गई, जब कक्षा 6वीं से 10वीं तक के 36 छात्र एक साथ बीमार पड़ गए। बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीमार हुए छात्रों में से कुछ को उल्टियां, कुछ को तेज बुखार, जबकि कई बच्चों में फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण देखे गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम अंबिकेश प्रताप सिंह डॉक्टरों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने बताया कि कुल 36 छात्र प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 5 छात्रों की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल उमरिया रेफर किया गया है, जबकि 31 छात्रों को घुलघुली उपस्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

एसडीएम अंबिकेश प्रताप सिंह ने बताया कि एहतियातन स्कूल में वितरित किया गया मध्याह्न भोजन बूंदी और पीने के पानी के सैंपल ले लिए गए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चों के बीमार पड़ने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी प्रभावित छात्रों की स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
इस घटना के बाद अभिभावकों में चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं स्कूल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।


